औरैया पुलिस की बड़ी कामयाबी: 40 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्ता

औरैया थाना बिधूना व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर श्री आलोक सिंह द्वारा चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। इस अभियान में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र श्री हरीश चंदर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक औरैया श्री अभिजित आर. शंकर के पर्यवेक्षण एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक मिश्रा व क्षेत्राधिकारी बिधूना श्री पृथुयशश्य पुनीत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस टीम सराय प्रथम के पास बिधूना-अछल्दा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक वैगनआर कार (UP 79Z 2589), जो अछल्दा की ओर से आ रही थी, को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने कार मोड़ने का प्रयास किया लेकिन बारिश के चलते गाड़ी सड़क किनारे की मिट्टी में फंस गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार सवार दो व्यक्तियों को मौके पर पकड़ लिया।

पूछताछ में दोनों ने कार की डिग्गी में गांजा रखे होने की बात स्वीकार की। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी बिधूना के निर्देशन में कार की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 40 किलो 570 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा झोलों और बोरियों में बंद था।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान:

लोकेश कुमार पांडे, पुत्र गिरीशचंद्र पांडे, निवासी पड़ीन दरवाजा, थाना कोतवाली औरैया, उम्र लगभग 35 वर्ष।

अतुल तिवारी, पुत्र स्व. रामकुमार तिवारी, निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कोतवाली औरैया, उम्र लगभग 34 वर्ष।

इनके खिलाफ थाना बिधूना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा संख्या 302/2025 दर्ज किया गया है। लोकेश कुमार पांडे पर पहले भी वर्ष 2016 में धारा 13 जी एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे उड़ीसा से ट्रकों द्वारा गांजा मंगवाते हैं और उसे छोटी गाड़ियों से आसपास के जिलों में, विशेषकर औरैया व कन्नौज में बेचते हैं। वे यह गांजा कन्नौज ले जा रहे थे।

बरामद सामान:

40 किग्रा 570 ग्राम अवैध गांजा (29 बंडल व 10 पन्नियों में पैक)

एक वैगनआर कार (UP 79Z 2589)

तीन मोबाइल फोन (दो एंड्रॉयड, एक की-पैड)

गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे
स्वाट व सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार मय टीम, प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, थाना बिधूना व उनकी टीम।

औरैया पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को इससे नई ताकत मिली है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts