मुजफ्फरनगर में उद्योगों पर हमला फेडरेशन ने डीएम–एसपी से मिलकर की सख्त कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। तीन दिन पूर्व फेडरेशन के सदस्य अंशुल सिंगल और दीपक जैन (तिरुपति एंटरप्राइजेज) की फैक्ट्री में कुछ असामाजिक तत्वों ने जबरन घुसकर पथराव किया और फैक्ट्री बंद कराने की धमकी दी। इस घटना से औद्योगिक क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है, जिससे व्यापारियों और उद्योगपतियों में भारी रोष व्याप्त है।इस गंभीर घटना के विरोध और प्रशासन को स्थिति से अवगत कराने के लिए फेडरेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के उपाध्यक्ष राकेश जैन, सचिव अभिषेक अग्रवाल, सह-सचिव आशीष गर्ग, अंकित संगल, अंकुर गर्ग, सत्यप्रकाश (रिशु एडवरटाइजिंग), व्यापार मंडल से एडवोकेट शलभ गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह की घटनाओं से उद्योग चलाना बेहद कठिन होता जा रहा है और निवेश व रोजगार दोनों पर इसका नकारात्मक असर पड़ता है।

फेडरेशन ने जिलाधिकारी को बताया कि यदि समय रहते ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे शहर की औद्योगिक छवि को नुकसान पहुंचेगा। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले में उचित व शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।इसके पश्चात फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से भी मिला। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही शहर कोतवाली में इस संबंध में लिखित तहरीर भी दर्ज कराई गई, ताकि मामले की विधिवत जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।फेडरेशन ने इस निंदनीय घटना की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि वह अपने प्रत्येक सदस्य के साथ पूरी मजबूती से एकजुट होकर खड़ा है। फेडरेशन का कहना है कि किसी भी व्यापारी या उद्योगपति का इस प्रकार से उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि उद्योग निर्भय होकर संचालित हो सकें और जिले के विकास की रफ्तार बनी रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts