मुजफ्फरनगर।मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के विधायक मिथिलेश पाल और पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने मीरापुर टोल प्लाजा पर धरना देकर अपनी ही सहयोगी सरकार के खिलाफ विरोध जताया। धरने का मुख्य मुद्दा मीरापुर टोल पर 6 से 11 किलोमीटर के दायरे को टोल फ्री किए जाने की मांग रही।
विधायक मिथिलेश पाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को अनावश्यक टोल टैक्स का बोझ उठाना पड़ रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुद्दा कई बार सरकार और टोल प्रबंधन के समक्ष रखा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। धरना स्थल पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने विधायक के समर्थन में नारेबाजी की।पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने एनएचएआई और टोल कंपनी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता को जबरन लूटा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द इस मांग पर निर्णय नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सत्तारूढ़ गठबंधन की ही पार्टी के विधायक सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए। इससे प्रशासन और शासन, दोनों स्तरों पर हलचल तेज हो गई है।धरने में प्रमुख रूप से तीन मांगें उठाई गईं— 6 से 11 किलोमीटर के दायरे को टोल फ्री किया जाए, स्थानीय निवासियों को स्थायी रूप से टोल टैक्स से छूट दी जाए, और बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई न होने पर नाराजगी जाहिर की गई।















