मुजफ्फरनगर।जिले के प्रतिष्ठित स्वरूप परिवार में मंगलवार को गहरा दुख छा गया। समाजसेवा और उद्योग जगत में प्रमुख पहचान रखने वाले शंकर स्वरूप बंसल के इकलौते पुत्र अभिनव स्वरूप बंसल का अचानक निधन हो गया। महज 43 वर्षीय अभिनव स्वरूप के निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।मंगलवार को अभिनव स्वरूप बंसल सहारनपुर स्थित माता शाकुम्भरी देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में ही उन्हें अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, यह पूरी तरह अप्रत्याशित था और संभावना जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।अभिनव स्वरूप बंसल जिले में एक युवा उद्योगपति के रूप में जाने जाते थे। वे न केवल व्यवसाय के क्षेत्र में सक्रिय थे, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी भागीदारी निभाते थे। उनका स्वभाव सरल और सौम्य था, जिससे जिले में उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या थी।अभिनव अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही स्वरूप परिवार के साथ-साथ शहर के उद्योग, व्यापार और समाजसेवा से जुड़े लोग स्तब्ध रह गए। जिले भर से शोक संदेश पहुंचने लगे और बड़ी संख्या में लोग सहानुभूति जताने स्वरूप निवास पहुंचने लगे हैं।अचानक हुई इस दुःखद घटना ने पूरे जिले को गहरे शोक में डाल दिया है।















