मेला खत्म होते ही सुविधाएं हटाईं, ओट में कपड़े बदल रही हैं महिलाएं

प्रयागराज। माघ मेले का आखिरी स्नान पर्व खत्म हुए अभी एक महीना भी नहीं हुआ और संगम क्षेत्र में बदहाली दिखने लगी। मेला क्षेत्र से मूलभूत सुविधाओं को भी हटा दिया गया है। हालात यह हैं कि संगम किनारे न तो चेंजिंग रूम दिख रहा है और न ही मोबाइल टॉयलेट।श्रद्धालु विशेषकर महिलाओं को ज्यादा परेशानी होती है।
माघ मेले के दौरान संगम किनारे सभी व्यवस्थाएं दी जाती हैं। रहने के लिए शिविर, चकर्ड प्लेट की सड़क, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश, पानी के लिए बंदोबस्त और चेंजिंग रूम आदि रहता है। माघ मेले के बाद भी मूलभूत सुविधाओं को बहाल रहना चाहिए, लेकिन यहां से इन व्यवस्थाओं को हटा दिया गया है। स्थिति यह है कि एक भी जगह पर चेंजिंग रूम नहीं है। मंगलवार को संगम स्नान के बाद महिलाओं को तमाम परेशानियां हुईं। मध्य प्रदेश सीधी से आईं कमला सिंह ने बताया कि यहां सुविधाएं न होने से परेशानी हो रही है। कम से कम कपड़ा बदलने के लिए तो कोई जगह होनी चाहिए। वहीं बैरहना की सीमा मिश्रा ने बताया कि स्नान के लिए आते वक्त परिवार की कम से कम तीन महिलाओं के साथ आना पड़ता है। अलोपीबाग के धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि पहले मोबाइल टॉयलेट रखा जाता था, अब यह सुविधा भी हटा दी गई है। इससे बहुत परेशानी होती है। रोज संगम पर स्नान के लिए जाने वाले अल्लापुर के कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि मेला खत्म होने के 10 दिन बाद से ही एक-एक कर सुविधाओं को हटा दिया गया। पहले कम से कम मई और जून तक कुछ सुविधाएं रहती थीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts