आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के ऊपर हमला हुआ है. किसी ने उनके ऊपर कोई तरल पदार्थ फेंका है. गनीमत रही कि इस हमले में वह बाल-बाल बच गए. इस दौरान अरविंद केजरीवाल के साथ मौजूद लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और साथ चल रही पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट करके उससे पूछताछ शुरू कर दी है. इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं पर आरोप लगाए हैं.इस घटना का वीडियो आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया में डालते हुए इसे बीजेपी की साजिश बताया है. बता दें कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार की शाम को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में पदयात्रा पर निकले थे. इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी शामिल थे. पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल इस पदयात्रा के दौरान लोगों से हाथ मिलाते हुए आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान एक युवक मिलने के बहाने आया और अचानक से पूर्व सीएम के ऊपर तरल पदार्थ फेंक दिया.















