औरैया में ई-रिक्शा में हुई घटना के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुदेश तिवारी ने ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। रविवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार अब प्रत्येक ई-रिक्शा और ऑटो पर वाहन स्वामी का नाम, चालक का नाम और ड्राइविंग लाइसेंस नंबर अंकित होना अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों की अनदेखी पर अब तक 111 ई-रिक्शा सीज किए जा चुके हैं, जबकि 217 ई-रिक्शा और ऑटो का चालान किया गया है। एआरटीओ ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई चालकों में हड़कंप मचा रही है, लेकिन इसके बावजूद शहर में कई ई-रिक्शा सामान ढोते और ऑटो निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ले जाते हुए देखे गए। अधिकारियों ने सभी चालकों से सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।















