मुजफ्फरनगर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नरेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने जिलाधिकारी कार्यालय में संभ्रांत व्यक्तियों और धर्मगुरुओं के साथ बैठक की।
इस बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों से अपील की गई कि वे जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा करें और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखें। किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवांछित गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। अफवाहों पर ध्यान न दें और उनकी पुष्टि उच्चाधिकारियों से करें।
साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट को साझा न करने की सलाह दी गई। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया कि वे किसी भी हिंसात्मक या कानून विरोधी गतिविधि का हिस्सा न बनें और जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर राजू कुमार साव और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।















