मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष और प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी को मुस्लिम युवक की मदद करने पर फोन पर धमकी देने वाले युवक ने कोतवाली में क्षमा मांगते हुए भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं दोहराने का आश्वासन दिया। शहर कोतवाल की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
मनीष चौधरी ने बताया कि मुस्लिम समुदाय से संबंध रखने वाला एक बालक शिव चौक पर साइकिल से फूल-माला बेचता था। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उसे हटाने की धमकी दी जा रही थी। पीड़ित की मदद की मांग पर मनीष चौधरी ने मुख्यमंत्री पोर्टल और पुलिस को शिकायत कर धमकी देने वालों पर कार्रवाई की मांग की थी।
इसी के विरोध में एक युवक ने मनीष चौधरी को फोन कर धमकी दी थी और पीड़ित की मदद से रोकने का प्रयास किया था। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। जांच में आरोपी की पहचान कशिश पुत्र चमनलाल निवासी गांधी कॉलोनी के रूप में हुई। नगर कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया के निर्देश पर आरोपी को कोतवाली बुलाया गया, जहां उसने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी।
मानवता के नाते मनीष चौधरी ने आरोपी को माफ करते हुए कोई कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला लिया और समझौता कर युवक को चेतावनी के साथ रिहा करा दिया। उन्होंने इंस्पेक्टर उमेश रोरिया की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की और कहा कि असामाजिक तत्व समाज में हिंदू-मुस्लिम विवाद फैलाकर माहौल बिगाड़ते हैं।
उन्होंने ऐसे युवकों की खुफिया निगरानी की आवश्यकता जताई और उन संगठनों की भी जांच की मांग की जो युवाओं को धर्म और जाति के नाम पर भटकाते हैं। अंत में उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी के हाथों की कठपुतली न बनें और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दें।















