कोलकाता: पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले अनुब्रत मंडल अब उनसे अलग होकर ऋतब्रत बनर्जी के खेमे में शामिल हो सकते हैं।सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच बातचीत पूरी हो चुकी है और शनिवार को इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है।सूत्रों का दावा है कि शुक्रवार को विधानसभा में हुई राजनीतिक गतिविधियों के बाद ऋतब्रत खेमे के एक विधायक ने अनुब्रत मंडल से फोन पर बातचीत की। इसी दौरान उनके नए खेमे में शामिल होने पर सहमति बनी।
बताया जा रहा है कि उन्हें ऋतब्रत समर्थित तृणमूल का बीरभूम जिला अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव भी दिया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।शनिवार को ऋतब्रत खेमे की कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है। बैठक के बाद होने वाले संवाददाता सम्मेलन में अनुब्रत मंडल को नई जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा की जा सकती है।
अनुब्रत मंडल लंबे समय तक ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते रहे। राजनीतिक और कानूनी विवादों के दौरान भी ममता ने कई बार सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया था। अनुब्रत भी लगातार ममता के प्रति अपनी निष्ठा जताते रहे, लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद उनके बयानों में बदलाव दिखाई देने लगा।उन्होंने कई मुद्दों पर पार्टी की रणनीति पर असहमति जताई और सम्मान नहीं मिलने पर संगठन छोड़ने के संकेत भी दिए थे।














