मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् के सफाई कर्मचारियों से जुड़ी 17 सूत्रीय मांगों की अनदेखी से नाराज़ राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ ने टाउनहाल स्थित अधिशासी अधिकारी (ईओ) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। महासंघ ने ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि 9 जून तक प्रशासन वार्ता कर समाधान नहीं करता तो पालिका में कामबंद हड़ताल और आंदोलन शुरू किया जाएगा।प्रदर्शन का नेतृत्व महासंघ के जिलाध्यक्ष चमन लाल ढिंगान ने किया। उन्होंने कहा कि 15 मई को पालिका प्रशासन को 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था, जिसमें सफाई कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। इसके बावजूद न कोई निर्णय लिया गया, न ही कोई ठोस कदम उठाया गया। बाद में एडीएम प्रशासन को भी ज्ञापन भेजा गया, लेकिन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल द्वारा भेजे गए जवाब से महासंघ असंतुष्ट है।महासंघ ने 26 मई को फिर से पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन के दौरान महासंघ ने प्रशासन पर कर्मचारियों की उपेक्षा और गलत सूचना देने का आरोप भी लगाया। चेतावनी दी गई कि यदि 9 जून तक मांगों पर संवाद नहीं हुआ, तो विवश होकर कामबंद हड़ताल और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान चमनलाल ढिंगान के साथ सागर वाल्मीकि, देवी प्रसाद, सूरज कुमार, प्रवीण मचल, पालेराम, बिल्लू, नंद किशोर, दीपक, दिलनवाज, काजल सौदाई, राकेश ढिंगान, रजनीश, वेदू भगत, दीपक झा, कुमार गौरव, रमेश वेद, राहुल कुमार और राजेन्द्र कुमार सहित कई सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।















