अमेरिका वसूलेगा होर्मुज पर टोल’, ईरान डील को लेकर ट्रंप की नया पैतरा,

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वादा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से ईरान कोई टोल नहीं वसूलेगा। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान डील पूरी नहीं कर पाता है, तो इस अहम जलमार्ग पर अमेरिका टोल लगा सकता है।ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह बात कही है। उनका बयान यह संकेत है कि हाल ही में ईरान के साथ किया गया समझौता टूट सकता है।

अमेरिका का होर्मुज पर गार्जियन एंजेल टोल

पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि 60 दिनों की अवधि और उसके बाद भी होर्मुज स्ट्रेट में कोई टोल नहीं लगाया जाएगा, जब तक अमेरिका कोई व्यापक समझौता न होने की स्थिति में खुद टोल न लगाए। उन्होंने इसे मध्य पूर्व के देशों के लिए अमेरिका की गार्जियन एंजेल (रक्षक) के तौर पर दी गई सेवाओं के बदले टोल बताया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के उन दावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिनमें कहा गया था कि लेबनान में सीजफायर के कथित उल्लंघन के कारण उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के युद्ध शुरू करने के बाद से तेहरान ने दबाव बनाने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य के समुद्री ट्रैफिक को बंद कर रखा है, लेकिन इसी सप्ताह बुधवार को समझौते के बाद इसे 60 दिनों के लिए खोला गया था। इस अवधि तक कोई शुल्क नहीं लिया जाना था।

ईरान का होर्मुज स्ट्रेट बंद करने का ऐलान

लेकिन शनिवार को ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है, क्योंकि समझौते की शर्तों का उल्लंघन हुआ है। हालांकि, इस क्षेत्र में सैन्य अभियानों की देखरेख करने वाली अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस रिपोर्ट को नकार दिया और कहा कि जलमार्ग से ट्रैफिक का आना-जाना जारी है।

होर्मुज क्यों है अहम?

युद्ध शुरू होने के बाद से ही होर्मुज जलडमरूमध्य अमेरिका और ईरान के बीच टकराव का केंद्र रहा है। दुनिया का लगभग 20 फीसदी तेल और प्राकृतिक गैस इसी जलमार्ग से होकर गुजरती है। साथ ही दुनिया भर में होने वाले उर्वरक व्यापार का लगभग 30 फीसदी हिस्सा यहीं से आता-जाता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts