फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर करता था ठगी, अलवर पुलिस ने किया गिरफ्तार

अलवर के सदर थाना पुलिस ने एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी फेसबुक आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए लोगों को नटराज पेंसिल कंपनी में नौकरी दिलाने और सस्ती पेंसिल बेचने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। आरोपी की पहचान जुनैद पुत्र जुहूरू, निवासी जाजोर के रूप में हुई है।

पुलिस को यह सफलता साइबर सैल से प्राप्त लोकेशन के आधार पर दबिश देने के बाद मिली। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें फर्जी फेसबुक और व्हाट्सएप आईडी, बारकोड, ट्रांजेक्शन से संबंधित स्क्रीनशॉट और कई चैट्स मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान एक महीने में करीब बीस हजार रुपये की ठगी करना कबूल किया है।

आरोपी तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को फंसाता था। वह नौकरी की लालच या सस्ते सामान की डिलीवरी का भरोसा दिलाकर पहले बातचीत करता और फिर अलग-अलग बहानों से पैसे ट्रांसफर करवाता था। जब तक लोगों को ठगी का एहसास होता, वह उन्हें सोशल मीडिया और मोबाइल प्लेटफॉर्म्स से ब्लॉक कर देता।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल, सिम कार्ड, फेसबुक और व्हाट्सएप अकाउंट की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से और भी जानकारियां मिलने की उम्मीद है और साइबर ठगी के अन्य मामलों से भी इसका संबंध होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts