अलवर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और ई-रिक्शा को हिरासत में लिया है। घटना के अनुसार, दिल्ली निवासी गुरदयाल सिंह ने 16 तारीख को अलवर स्टेशन के पास हुई लूट और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अलवर में किसी व्यक्ति से पैसे लेने आया था। स्टेशन के बाहर एक रिक्शा चालक ने उससे बातचीत की और कहा कि वह उस व्यक्ति को जानता है, जिससे उसकी मुलाकात करवा देगा।
16 तारीख की रात करीब 8:30 बजे, वही रिक्शा चालक अन्य दो व्यक्तियों के साथ स्टेशन पहुंचा और शिकायतकर्ता को ई-रिक्शा में बिठाकर ले गया। एरोड्रम रोड पर ले जाकर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे ₹8,500 लूट लिए।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी रिक्शा चालक रजत उर्फ केशव को गिरफ्तार किया, जो सूर्य नगर का निवासी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले के अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है, और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।















