बीच सीजन एडन मार्करम ने छोड़ा टीम का साथ.

इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड 2026 सीजन के बीच मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के नियमित कप्तान एडन मार्करम निजी कारणों के चलते टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. मार्करम की जगह न्यूजीलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया गया है. वहीं, इंग्लैंड के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर को सुपर जायंट्स टीम की कप्तानी सौंपी गई है.बता दें कि, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स IPL फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की सिस्टर टीम है, जिसके मालिक संजीव गोयनका हैं. उन्होंने पिछले साल ही टीम की 70 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदकर मालिकाना हक हासिल किया था.

एडन मार्करम ने बीच सीजन छोड़ा टीम का साथ

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने बुधवार, 5 अगस्त को आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि एडन मार्करम निजी कारणों के चलते अपने घर साउथ अफ्रीका लौट गए हैं. फ्रेंचाइजी ने उनके जल्द वापसी की कामना करते हुए इस सीजन में टीम के लिए दिए गए योगदान के लिए उनका आभार जताया. वहीं, सीजन के बाकी मुकाबलों के लिए जोस बटलर को टीम की कप्तानी सौंपी है. बता दें कि, मार्करम को मार्च में हुई नीलामी के बाद टीम का कप्तान बनाया गया था. वह सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी की तीनों टीमों लखनऊ सुपर जायंट्स, डरबन सुपर जायंट्स और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं.

मार्करम की कप्तानी में टीम ने जीते सिर्फ दो मैच

मार्करम की कप्तानी में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सीजन की शुरुआत लगातार दो जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा. वहीं, मार्करम का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. शुरुआती 4 पारियों में उन्होंने सिर्फ 67 रन बनाए, हालांकि पिछले मुकाबले में द ओवल पर शानदार अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए थे. लेकिन अब वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.

अब बटलर संभालेंगे टीम की कमान

एडन मार्करम की गैरमौजूदगी में अब जोस बटलर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स टीम की कमान संभालेंगे. बटलर 5 अगस्त को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले से कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे. बटलर इससे पहले भी द हंड्रेड के शुरुआती तीन सीजनों में कप्तानी कर चुके हैं, तब टीम का नाम मैनचेस्टर ओरिजिनल्स था. वहीं, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद इंग्लैंड की लिमिटेड ओवर टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद बटलर पहली बार किसी टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे.

पहली बार बदलेगी मैनचेस्टर की प्लेइंग 11

मार्करम के बाहर होने के बाद मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को इस सीजन में पहली बार अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ेगा. इससे पहले टीम ने सभी 5 मुकाबलों में एक ही संयोजन के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया था. मार्कम के रिप्लेसमेंट के तौर पर न्यूजलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया गया है. फिलहाल मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 5 मैचों में दो जीत और तीन हार दर्ज की हैं और टीम पॉइंटस टेबल में छठे स्थान पर बनी हुई है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts