गोविंदगढ़ में कृषि अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई से मचा हड़कंप

अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि अधिकारी अली हसन (एएओ) को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र मीणा के नेतृत्व में की गई। आरोपी कृषि अधिकारी किसान सेवा केंद्र, जो गोविंदगढ़ के हाई स्कूल परिसर में स्थित है, पर एक खाद-बीज विक्रेता मजीद से लाइसेंस के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

सूचना मिलते ही एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही अली हसन स्कूटी से किसान सेवा केंद्र पहुंचा और मजीद से रिश्वत की राशि ली, टीम ने तुरंत दबिश दी। खुद को फंसता देख अधिकारी ने घबराकर रिश्वत की रकम बाहर की ओर फेंक दी और भागने की कोशिश की, लेकिन एसीबी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद जब उसे हाथ धुलवाए गए तो साबुन के पानी में गुलाबी रंग उभर आया, जिससे पुष्टि हो गई कि उसने रिश्वत की राशि को हाथ में लिया था।

बताया गया कि अली हसन पिछले करीब 15 वर्षों से गोविंदगढ़ क्षेत्र में कृषि अधिकारी के पद पर कार्यरत है और कई बार उस पर अनौपचारिक तौर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। अब इस खुली कार्रवाई के बाद कृषि विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने पहले भी इसी तरह अन्य व्यापारियों से पैसे वसूले हैं। मामले में विस्तृत जांच जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts