मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल की देखरेख में चलाए जा रहे अभियान के तहत, बुढ़ाना पुलिस ने आज 14 नवंबर 2024 को एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया। इस अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी गजेन्द्रपाल सिंह और थाना प्रभारी आनन्द देव मिश्रा कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने एक पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को मंदवाड़ा चौराहे से क्राउन पब्लिक स्कूल की तरफ भागते समय गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध शस्त्र बरामद हुआ है
थाना बुढ़ाना पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। आरोपी ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया और अपनी मोटरसाइकिल क्राउन पब्लिक स्कूल की ओर खरंजे पर मोड़ ली। तेज गति के कारण उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया। आरोपी ने घिर जाने पर पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की और आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध हथियार बरामद किया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराकर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।















