मुजफ्फरनगर की पावन भूमि शुकतीर्थ में 11 जून को होने वाले संत शिरोमणि सतगुरु रविदास–समनदास मिशन (रजि.) के कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों को लेकर शनिवार को एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल कुमार और मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने की। दोनों मंत्रियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर व्यवस्थाओं की भौतिक समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध और सुसंगठित ढंग से पूर्ण होनी चाहिए, जिससे कार्यक्रम गरिमामय और भव्य रूप से संपन्न हो सके।बैठक के दौरान मंत्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधा समेत तमाम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए विशेष रूप से मार्ग व्यवस्था और पार्किंग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, ब्लाक प्रमुख अमित राठी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला उपाध्यक्ष शरद शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री पुरुषोत्तम, मीडिया प्रभारी अंचित मित्तल समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की सफलता के लिए समर्पण भाव से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।















