भीषण गर्मी और लू से बचाव को प्रशासन का अलर्ट, एडीएम गजेंद्र कुमार ने जारी की एडवाइजरी

मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने जनहित में विस्तृत एडवाइजरी जारी कर लोगों को गर्मी और हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या या जानलेवा स्थिति पैदा कर सकती है, इसलिए सभी नागरिकों को सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

एडवाइजरी में बताया गया है कि हीट वेव से बचाव के लिए शरीर में पानी की कमी न होने देना सबसे महत्वपूर्ण है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगी हो। इसके साथ ही घर में बने पारंपरिक पेय पदार्थ जैसे लस्सी, चावल का माड़, नींबू पानी और छाछ का सेवन करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने चाय, कॉफी और अधिक शर्करा युक्त ठंडे पेयों के सेवन से दूरी बनाने को भी कहा है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी को बढ़ा सकते हैं।

बाहर निकलने वाले लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। एडवाइजरी के अनुसार धूप में निकलते समय हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें तथा छाता, टोपी या गमछे का उपयोग अवश्य करें। चेहरे, हाथ और पैरों को सीधे धूप से बचाने के लिए ढककर रखें और समय-समय पर गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करते रहें। इसके अलावा दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सख्त सलाह दी गई है।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत छांव में लिटाकर शरीर को गीले कपड़े से ठंडा किया जाए या नहलाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। लू के लक्षण जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना आना या बेहोशी को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

एडवाइजरी में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया है। घर को ठंडा रखने के लिए दिन में खिड़कियों और पर्दों का उपयोग करने तथा रात के समय घर को खुला रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बार-बार स्नान करने और गीले कपड़ों का इस्तेमाल करने से भी राहत मिल सकती है। कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए ठंडे स्थान, पर्याप्त पीने के पानी और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि तेज गर्मी के दौरान बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। अत्यधिक धूप के समय घर के निचले हिस्से में रहने की कोशिश करें, गहरे रंग के भारी कपड़े पहनने से बचें और बासी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। प्रशासन ने कहा है कि सतर्कता और सावधानी अपनाकर ही भीषण गर्मी और लू के खतरे से सुरक्षित रहा जा सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts