मुजफ्फरनगर शहर को अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने नई रणनीति बनाई है। नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी सदर, नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि बरसात और कांवड़ यात्रा से पहले शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना जरूरी है। इसके लिए एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपना सामान दुकान के अंदर ही रखें ताकि रास्ता बाधित न हो। अधिशासी अधिकारी को नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने की तैयारी के निर्देश दिए गए।बैठक में व्यापारियों ने भी कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा की संख्या अधिक होने से जाम की स्थिति बनती है, इसलिए इनके लिए निश्चित रूट और रंग निर्धारित किए जाएं। इसके अलावा, सड़कों पर गड्ढे भरने और स्कूलों की छुट्टियों के समय में बदलाव की मांग की गई ताकि ट्रैफिक दबाव कम हो। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान की कार्य योजना तैयार हो रही है और ई-रिक्शा से संबंधित सुझावों पर भी विचार किया जाएगा। सभी व्यापारियों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया।















