मुजफ्फरनगर। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद मुजफ्फरनगर में भी प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-58, प्रमुख संपर्क मार्गों तथा शहर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटर, व्यावसायिक भवनों एवं अन्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।
बुधवार को सदर एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी, सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) की टीम, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान हाईवे किनारे संचालित होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उनके आवश्यक दस्तावेजों, अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने उन भवनों और प्रतिष्ठानों को भी चिह्नित किया जो बिना स्वीकृत मानचित्र के संचालित हो रहे हैं अथवा जिनमें सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे नवनिर्माण या व्यावसायिक प्रतिष्ठान, जिनके पास आवश्यक अनुमति नहीं है या जहां अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं, उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे भवनों को सील करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया कि वे अग्निशमन यंत्रों को क्रियाशील अवस्था में रखें तथा सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही लोगों की जान-माल के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा।
एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में विशेष चौकसी बरती जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, कमर्शियल भवनों और अन्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। जिन स्थानों पर अग्निशमन उपकरण, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























































