मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देश पर चिकित्सा विभाग की टीम ने गुरुवार को सिरोही जिले के देलदर गांव में एक झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके क्लीनिक को सील कर दिया। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एस.पी. शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई ग्राम देलदर के मुख्य चौराहे पर संचालित ‘बंगाली क्लीनिक’ पर की गई, जहां पारितोष दत्ता नामक व्यक्ति बिना वैध चिकित्सा योग्यता के मरीजों का इलाज करता पाया गया।
मौके पर मौजूद टीम में पीएचसी देलदर के इंचार्ज डॉ. सलीम खान, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सोनल पटेल, फार्मासिस्ट मनदीप परमार, सीएचओ विकास मील, सीएचओ शाहरुख खान एवं वाहन चालक हनुवंत सिंह देवड़ा शामिल थे। विभाग ने मौके पर ही क्लीनिक को सील कर झोलाछाप चिकित्सक को सदर थाना आबू रोड को सुपुर्द किया और एफआईआर दर्ज करवाई।
डॉ. शर्मा ने बताया कि जिले में नीम हकीमों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आमजन से अपील की कि इलाज के लिए केवल पंजीकृत डॉक्टरों से ही संपर्क करें। डॉ. खराड़ी ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर कार्रवाई के निर्देश सभी बीसीएमओ को पुनः जारी किए गए हैं और यह मुद्दा जिला स्वास्थ्य समिति की अगली बैठक में भी उठाया जाएगा।















