छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने वाला आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भोपा तथा थाना प्रभारी भोपा के कुशल नेतृत्व में की गई।घटना के अनुसार नयागांव निवासी साकिब पुत्र मेहरबान ने खेत में चारा लेने गई एक महिला के साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरन खेत में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर थाना भोपा में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया, जिसने जांच करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की।पुलिस टीम ने सघन छानबीन करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी और कुछ ही घंटों के भीतर उसे ग्राम कासमपुरा स्थित अमित की कीटनाशक दुकान से धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की गई है, जिसे वह घटना के समय उपयोग कर रहा था। पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ा है।फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। थाना भोपा पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता और तत्परता एक बार फिर सामने आई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts