रूपनगर के प्रसिद्ध गुरुद्वारा हेड दरबार कोट पुराण में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एयर कंडीशनर का कंप्रेसर अचानक फट गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। यह दुखद घटना गुरुद्वारा प्रमुख बाबा खुशहाल सिंह जी के श्रद्धांजलि समागम के दौरान हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समागम के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे हॉल में भगदड़ मच गई। झुलसे हुए श्रद्धालुओं को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या कंप्रेसर की तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है।प्रशासन ने गुरुद्वारा प्रबंधन को तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।























































