मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने 10 मई 2025 को हुई एक जानलेवा हमले की वारदात में शामिल एक वांछित आरोपी अभिषेक उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर की देशी बंदूक, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामला एक प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत का है, जिसमें उसने बताया कि उसके पूर्व साथी राजीव ने अपनी पुरानी रंजिश के चलते अभिषेक और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके घर पर हमला किया था। आरोप है कि अभिषेक ने लम्बी नाल की बंदूक से फायरिंग की, लेकिन शिकायतकर्ता बाल-बाल बच गया। गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक पुत्र राजीव निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना सिखेड़ा का पुलिस रिकॉर्ड भी जांचा गया, जिसमें वह कई संगीन मामलों में पहले भी शामिल पाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसे कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।















