बांदा में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सेंसर बोर्ड द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित फिल्म पर लगाई गई रोक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि यह फिल्म दो महान समाज सुधारकों के जीवन, संघर्ष और विचारों पर आधारित है, जिन्हें देश को जानने और समझने की आवश्यकता है। सेंसर बोर्ड की यह रोक न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है, बल्कि यह महापुरुषों की क्रांतिकारी विचारधारा को दबाने का प्रयास प्रतीत होती है। महात्मा फुले और माता सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज़ उठाई और शिक्षा, नारी सशक्तिकरण तथा समानता आधारित समाज की स्थापना के लिए संघर्ष किया। उनके जीवन पर बनी फिल्म को जनता तक पहुँचने से रोकना निंदनीय है। आप नेताओं ने राष्ट्रपति से अपील की कि सेंसर बोर्ड की यह रोक तुरंत हटाई जाए। इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश सचिव सोशल मीडिया पंकज सिन्हा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अधिवक्ता भूपेंद्र शुक्ला, जिला महासचिव डॉ. अमित कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।















