नोएडा श्रमिक प्रदर्शन में आकृति चौधरी और सृष्टि गुप्ता की जमानत पर सुनवाई टली,

ग्रेटर नोएडा। श्रमिक हिंसा मामले में जिला कारागार में बंद आरोपित आकृति चौधरी, सृष्टि गुप्ता की जमानत याचिका पर बृहस्पतिवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायालय में सुनवाई टल गई।पुलिस की तरफ से दलील दी गई आरोपितों के खिलाफ पूर्व में लगी धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। इस कारण अदालत ने जमानत याचिका पर सुनवाई की अगली तारीख 27 अप्रैल निर्धारित की है। वहीं अदालत ने तीन प्रकरण में जेल में बंद तीन आरोपितों से पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस रिमांड को मंजूरी दे दी है।

एक सप्ताह के लिए रिमांड मांगी

श्रमिक हिंसा में जेल में बंद आरोपित आकृति चौधरी के अधिवक्ता रजनीश यादव ने बताया मामले में उसकी जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 27 अप्रैल को होगी। नोएडा की फेज-2 कोतवाली में दर्ज मामले में पुलिस ने आरोपित आकृति चौधरी, सृष्टि गुप्ता और मनीषा चौहान की एक सप्ताह के लिए रिमांड मांगी थी।

अभी कई अहम साक्ष्य आने बाकी

फिलहाल, अदालत ने तीन दिन यानी शुक्रवार सुबह नौ बजे से 26 अप्रैल की शाम छह बजे तक आरोपितों को जेल से लाकर पूछताछ के लिए रिमांड मंजूर कर ली है। मामले में विवेचक ने अदालत में याचिका लगाकर दलील दी कि अभी कई अहम साक्ष्य आने बाकी हैं। जिन्हें आरोपितों की निशानदेही पर ही हासिल किया जा सकता है।

संदिग्धों से होगी पूछताछ

आरोपिताें के मोबाइल फोन, डिजिटल चैट, इंटरनेट मीडिया प्लेट फार्म के रिकार्ड और अन्य दस्तावेज इस मामले की कड़ी जोड़ने के लिए अहम हैं। रिमांड मिलने से पुलिस आरोपितों की निशानदेही पर मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाएगी। वाट्सएप ग्रुप और अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जाएगी।

नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश

पुलिस का मानना है कि इस मामले में एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था, उसने आंदोलन को हिंसक रूप देने की साजिश रची थी। रिमांड के दौरान इस नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश की जाएगी।अधिवक्ता का कहना था कि श्रमिक हिंसा को लेकर आरोपितों के स्वजन को पुलिस कार्रवाई से संबंधित जानकारी नहीं दे रही है। बताया गया कि प्रकरण में जिन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उससे संबंधित जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में उपलब्ध है। वहीं से हासिल की जा सकती है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts