अलवर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां राजगढ़-अलवर सड़क मार्ग पर स्थित मालाखेड़ा और महुवा टोल प्लाजा के बीच सड़क किनारे एक बोरे में कटे हुए व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची मालाखेड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान औद्योगिक क्षेत्र अलवर के बख्तल थाना अंतर्गत नाहरपुर निवासी रामभरोसी चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को शव सौंपते हुए मामले की जांच आरंभ कर दी है। हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से छानबीन कर रही है।















