अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक मुकेश बैरवा की मौत हो गई। मुकेश खरखड़ी चाउण्ड गांव का निवासी था और फर्नीचर का काम करता था। वह अपने दोस्त के बेटे की शादी में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी मालाखेड़ा के पास श्याम मंदिर बस स्टॉप के नजदीक किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे तुरंत मालाखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान ही मुकेश ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक का चचेरा भाई हरदयाल भी अस्पताल पहुंचा। उसने बताया कि पुलिस से सूचना मिली, जिसके बाद वे जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक मुकेश की मौत हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।















