बाँदा।कोर्ट से फरार हुए 25 हजार के इनामिया नशा तस्कर को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में SOG और कई थानों की पुलिस को यह सफलता मिली है। 14 अगस्त 2026 को NDPS एक्ट का अभियुक्त संजय उर्फ तन्नू को न्यायालय में पेशी के लिए लाया जा रहा था। इसी दौरान उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर ड्यूटी पर तैनात हेडकांस्टेबल को चकमा देकर फरार हो गया था।फरार होकर आरोपी ने सुरक्षा की साख पर बट्टा लगा दिया था। इसके बाद एसपी बांदा ने आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया था। एसओजी और कई थानों की टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही थीं।देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली कि फरार आरोपी मिरग़हनी पुल के पास सत्तिमाई मंदिर के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने जब उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी संजय के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे हिरासत में लेकर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ तन्नू, निवासी ग्राम ख़प्टिहाकला के रूप में हुई है। ये एनडीपीएस का शातिर तस्कर है और इसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।























































