भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के प्रदेश कार्यालय मीनाक्षी चौक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मौजूद किसान साथियों को संबोधित करते हुए चौधरी शाह आलम ने कहा कि फसलों का उचित दाम न मिलने से देश का किसान बेहद परेशान है, वहीं दिहाड़ी मजदूर महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के चलते शिक्षा और चिकित्सा अब व्यापार बन चुके हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई और गरीबों की इलाज की व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार का कोई भी कदम किसानों और मजदूरों के हित में नजर नहीं आ रहा है, बल्कि केवल नए-नए कानून बनाकर आम जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार को अब किसानों और मजदूरों के हित में भी ठोस कदम उठाने चाहिए।
बैठक के बाद संगठन का विस्तार करते हुए दर्जनों लोगों को सदस्यता दिलाई गई और महिला मोर्चा की टीम का गठन भी किया गया। जिसमें श्रीमती सुदेश को उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, ललिता चौधरी को पश्चिम प्रदेश प्रभारी, मनोज रानी को जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर, राबिया को सदर तहसील अध्यक्ष, सितारा परवीन को तहसील उपाध्यक्ष, कमर जहां को सदर ब्लॉक अध्यक्ष तथा अनीता को ब्लॉक महासचिव महिला मोर्चा नियुक्त किया गया।
सभी महिला पदाधिकारियों ने आगामी तीन माह में कार्यकारिणी तैयार करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जय जवान, जय किसान।















