मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी विकासखंड क्षेत्र के ग्राम हरीनगर-झबरपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब बच्चों को स्कूल ले जा रही एक स्कूली वैन अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते वैन में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही क्षणों में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, वैन में सवार सभी बच्चे आशीष इंग्लिश एकेडमी के छात्र थे, जो रोज की तरह सुबह स्कूल जा रहे थे। अचानक वैन से धुआं निकलना शुरू हुआ और फिर तेज लपटों में बदल गया। इससे पहले कि चालक या बच्चे कुछ समझ पाते, आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान कई बच्चों के झुलसने की सूचना मिली है, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने बिना अपनी परवाह किए जलती वैन के पास पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया और कई बच्चों की जान बचाने में सफलता भी हासिल की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों में रोष है और वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि स्कूल वैन और बसों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि सभी वाहनों में अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

















