मैसाचुसेट्स के आसमान में हुआ जोरदार धमाका.

अमेरिका के मैसाचुसेट्स और आसपास के इलाकों में शनिवार दोपहर एक रहस्यमय धमाके ने लोगों को डरा दिया. लोगों ने आसमान से दो तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनीं, जिसे डबल बूम कहा जा रहा है. धमाका इतना जोरदार था कि कई जगह खिड़कियां हिलने लगीं और इमारतों में कंपन महसूस किया गया.बाद में NASA ने बताया कि यह कोई बम धमाका, सैटेलाइट या अंतरिक्ष का मलबा नहीं था. यह एक प्राकृतिक उल्कापिंड था, जो अंतरिक्ष से धरती की ओर आया था. NASA के मुताबिक, यह उल्कापिंड स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 2 बजकर 6 मिनट पर पृथ्वी के वायुमंडल में दाखिल हुआ. माना जा रहा है कि यह बोस्टन के पास साउथ शोर क्षेत्र के ऊपर वायुमंडल में प्रवेश किया था.

कनाडा में भी देखी गई ये घटना

इस घटना को केवल मैसाचुसेट्स में ही नहीं, बल्कि रोड आइलैंड, न्यू हैम्पशायर और अमेरिका के कई पूर्वोत्तर इलाकों में भी महसूस किया गया. कुछ लोगों ने आसमान में एक चमकता हुआ आग का गोला भी देखा. यह नजारा डेलावेयर से लेकर कनाडा के मॉन्ट्रियल तक कई लोगों ने देखा. घटना के बाद पुलिस और इमरजेंसी सर्विसेज को बड़ी संख्या में फोन कॉल मिले. लोग जानना चाहते थे कि आखिर इतनी तेज आवाज किस वजह से आई.

1.20 लाख किमी/घंटे थी रफ्तार

NASA ने बताया कि यह उल्कापिंड करीब 1.20 लाख किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था. जमीन से लगभग 60 किमी ऊपर पहुंचकर यह कई टुकड़ों में टूट गया. इसके टूटने से जो ऊर्जा निकली, वह लगभग 300 टन TNT विस्फोटक के बराबर थी. अमेरिकन मीटियर सोसाइटी के विशेषज्ञ रॉबर्ट लंसफोर्ड ने कहा कि यह सामान्य फायरबॉल की तुलना में काफी बड़ा था और इसका आकार लगभग एक गज चौड़ा था.सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं. इनमें दो तेज धमाकों की आवाजें साफ सुनाई देती हैं, लेकिन कहीं भी आग, धुआं या किसी अन्य विस्फोट के निशान नहीं मिले. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ज्यादातर उल्कापिंड वायुमंडल में प्रवेश करते ही जलकर खत्म हो जाते हैं. लेकिन जब कोई बड़ा उल्कापिंड आता है, तो वह तेज चमक और धमाके जैसी शॉक वेव पैदा कर सकता है. मैसाचुसेट्स में हुआ डबल बूम भी इसी वजह से हुआ.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts