प्रयागराज। चौफटका फ्लाईओवर के नीचे नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बुधवार रात करीब 8:30 बजे बाइक सवार 65 वर्षीय अख्तर गिर गए। कैंट पुलिस उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गई, जहां उनकी मौत हो गई।हादसा, उस समय हुआ जब वह करेली से सिविल लाइंस स्थित घर लौट रहे थे। उनके जेब से मिले मोबाइल के माध्यम से घरवालों को खबर दी गई।
सिविल लाइंस स्थित कानपुर रोड निवासी मो. अख्तर 2019 में रेलवे में गार्ड के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बुधवार शाम को वह करेली में रहने वाले अपने दोस्त राशिद से मिलने गए थे। रात को वह बाइक लेकर घर के लिए निकले।करीब 8:30 बजे वह चौफटका फ्लाईओवर के नीचे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि अचानक गड्ढे में बाइक समेत चले गए। धूमनगंज व कैंट पुलिस पहुंची। उनको गड्ढे से बाहर निकालका एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मो. अख्तर के तीन बेटे हैं।
चौकी प्रभारी राजरूपपुर शैलेंद्र यादव का कहना है कि जहां नाला निर्माण के लिए सड़क खोदाई का काम चल रहा है, वहां वनवे की व्यवस्था है। जो मार्ग को बंद किया गया है, वहां पुलिस का बैरियर भी लगाया गया है। पता नहीं कैसे अख्तर बाइक लेकर उस लेन में चले गए और हादसे में उनकी जान चली गई।
बता दें कि इसके पहले अगस्त में नैनी में गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। जुलाई में मलाक हरहर के पास गश्त पर निकले सिपाही की गड्ढे में गिरने से जान चली गई थी। इसी माह फाफामऊ में एक और युवक की गड्ढे से गिरने से मौत हुई थी।















