शुक्रतीर्थ के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने परिक्रमा मार्ग निर्माण की उठाई मांग

मुजफ्फरनगर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर जनपद स्थित पौराणिक एवं धार्मिक तीर्थ स्थल शुक्रतीर्थ के समग्र विकास को लेकर गंभीर पहल करते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर परिक्रमा मार्ग के निर्माण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया है।अपने पत्र में मंत्री ने उल्लेख किया कि शुक्रतीर्थ केवल मुजफ्फरनगर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर भारत का एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है, जहां देश के कोने-कोने से श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आते हैं। यह वही पावन स्थल है जहां हजारों वर्ष पूर्व वट वृक्ष के नीचे महर्षि शुकदेव मुनि ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया था, जिसके कारण इस तीर्थ का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत व्यापक है। मंत्री ने बताया कि वर्ष भर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद यहां आधारभूत सुविधाओं, विशेषकर परिक्रमा मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।

वर्तमान में लगभग 12 किलोमीटर लंबा परिक्रमा मार्ग कई स्थानों पर जर्जर अवस्था में है, जहां कच्चे रास्तों के कारण बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, वहीं पक्के हिस्सों में भी जगह-जगह टूट-फूट, दरारें और गड्ढे बने हुए हैं, जिससे श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और महिलाओं को परिक्रमा करते समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि धार्मिक दृष्टि से परिक्रमा का विशेष महत्व है और यह आस्था से जुड़ा विषय है, ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि संतों, महात्माओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से परिक्रमा मार्ग के निर्माण और सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी है। मंत्री ने सुझाव दिया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र के समग्र विकास के उद्देश्य से पर्यटन विभाग के माध्यम से इस परिक्रमा मार्ग का निर्माण कराया जाए, जिससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि शुक्रतीर्थ के विकास को नई गति मिल सके और आने वाले समय में यह तीर्थ स्थल राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक आकर्षण का केंद्र बन सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts