दीपावली पर भी प्रशासन ने नहीं रोका जनता की समस्याओं का समाधान,

मुजफ्फरनगर। दीपावली के पर्व पर जहां पूरा जनपद रोशनी और खुशियों के उत्सव में डूबा रहा, वहीं जिला प्रशासन ने जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए त्योहार के दिन भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की। प्रशासन की इस पहल से यह संदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनसेवा के कार्यों में त्योहार भी बाधा नहीं बनेंगे।

सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव ने समाधान दिवस की कमान संभाली। इस दौरान तहसीलदार राधेश्याम गौड़ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने तहसील पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सदर तहसील में इस अवसर पर राजस्व से संबंधित कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से तीन शिकायतों का उप जिलाधिकारी शुभम श्रीवास्तव ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष 14 शिकायतों के समाधान के लिए तत्काल टीमें गठित की गईं।

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस के दौरान पुलिस और प्रशासन के विभिन्न अधिकारी भी उपस्थित रहे। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी अधिकारियों की मौजूदगी और शिकायतों की सुनवाई को प्रशासन की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts