जनगणना प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया गया गहन प्रशिक्षण.

मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना के द्वितीय चरण के सफल संचालन की तैयारियों के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से जनपद में कुल 14 प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के निर्धारित मानकों, नियमों, प्रक्रियाओं और फील्डवर्क के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। विशेष रूप से आंकड़ों के संकलन, सही जानकारी दर्ज करने और डेटा एकत्रीकरण की प्रक्रिया को शुद्ध एवं सटीक बनाए रखने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना के दौरान एकत्र किए जाने वाले आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी है कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सावधानी और ईमानदारी से करे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। दूसरे दिन का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न होने पर संबंधित नोडल अधिकारी एवं जिला प्रशासन ने सभी फील्ड ट्रेनर्स और संबंधित कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

साथ ही प्रशिक्षार्थियों को निर्देश दिए गए कि वे तीसरे और अंतिम दिन के प्रशिक्षण सत्र में पूरी गंभीरता से प्रतिभाग करें, ताकि आगामी जनगणना का फील्डवर्क पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सटीकता के साथ संपन्न कराया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts