शामली में धनतेरस पर खरीदारी को लेकर बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। लोग परंपरा के अनुसार बर्तन खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। स्टील और पीतल के बर्तनों की खरीदारी की जा रही है। वहीं, घरों को सजाने के लिए भी लोग सजावटी सामान खरीद रहे हैं।
बर्तन कारोबारियों का कहना है कि इस बार ऑनलाइन खरीदारी का असर बाजार पर दिखाई दे रहा है। पहले की अपेक्षा दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम है। हालांकि धनतेरस के चलते लोग स्टील और पीतल के बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं। उधर, ज्वेलर्स की दुकानों पर भी चांदी के सामान की मांग है। लोग चांदी के सिक्के और पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं।
बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। शहर के कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार और गांधी बाजार जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।फव्वारा चौक पर भी बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। बाजारों में ई-रिक्शा और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।सीओ सदर जितेंद्र कुमार ने बताया कि बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए ई-रिक्शा और भारी वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे














