शामली। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने के अल्ट्रासाउंड जांच बंद हो गई है। अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे मरीजों को बिना जांच के ही वापस लौटना पड़ा। ऐसे में मरीजों को मजबूरी में निजी सेंटरों पर जाकर जांच करानी पड़ रही है।
दरअसल, मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में नियुक्त दो रेडियोलॉजिस्ट डॉ. भुजवीर सिंह और डॉ. विनीत कौशिक को शामली जिला अस्पताल में सप्ताह में तीन-तीन दिन के लिए संबद्ध किया गया था। पिछले सप्ताह डॉ. भुजवीर सिंह को मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल का सीएमएस नियुक्त कर दिया गया, जबकि डॉ. विनीत कौशिक के संबद्धीकरण का आदेश निरस्त हो गया। इसके बाद शामली जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं रह गई और अल्ट्रासाउंड जांच बंद हो गई।
एक सप्ताह से मरीज अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे है, लेकिन वहां जांच की सुविधा नहीं मिली। मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। सरकारी अस्पताल में जांच नहीं होने से उन्हें निजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार अखौरी ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो पा रही है। इस संबंध में अपर निदेशक स्वास्थ्य, सहारनपुर को पत्राचार किया गया है। रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने के बाद ही अल्ट्रासाउंड जांच दोबारा शुरू हो सकेगी।














