मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के सफल संचालन और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, भोकरहेड़ी, जटमुझेड़ा, सिकंदरपुर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवट तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और आरोग्य मेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, जांच और उपचार की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में पहुंचने वाले मरीजों को एक ही स्थान पर प्राथमिक उपचार, जरूरी जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है या नहीं।
डॉ. सुनील तेवतिया ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन मेलों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। मरीजों को दवाओं और चिकित्सकीय परामर्श के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े तथा उन्हें समय पर उपचार मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दवाओं के उचित रखरखाव और स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित संचालन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का लाभ पहुंचाने को कहा।















