बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. फिल्म निर्देशक, लेखक और निर्माता संजय गुप्ता का निधन हो गया है. उनके अचानक चले जाने से इंडस्ट्री और उनके करीबी आहत हैं. डायरेक्टर ने 57 साल की उम्र में अंतिम सांस ली है. रिपोर्ट्स की मानें तो मुंबई स्थित अपने घर के बाथरूम में पांव फिसलने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई और डायरेक्टर ने अपनी जान गंवा दी. फिल्म निर्माता आशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर की पुष्टि की है और शोक व्यक्त किया है.संजय गुप्ता बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान रखने वाले फिल्ममेकर थे. उन्होंने अपराध, अंडरवर्ल्ड और एक्शन थ्रिलर फिल्मों के जरिए हिंदी सिनेमा में अपनी एक खास पहचान बनाई थी. इसके अलावा अभिनेता और फिल्म समीक्षक कमाल आर. खान (KRK) ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की पुष्टि की है और उन्होंने संजय गुप्ता को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी. दोनों क्लोज थे और उनके बीच फिल्मों और बॉलीवुड को लेकर अक्सर बातचीत होती थी.
किस फिल्म से शुरू किया करियर?
साल 1994 में संजय गुप्ता ने आतिश: द फायर फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने एक लेखक और निर्देशक के तौर पर अपना करियर शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने हमेशा, राम शास्त्र, जंग और खौफ जैसी फिल्में बनाईं. लेकिन साल 2002 में कांटे फिल्म से उन्हें पहचान मिली. ये एक मल्टीस्टारर फिल्म थी जिसे काफी पसंद किया गया था. फिर प्लान, मुसाफिर और जिंदा फिल्म के जरिए उन्होंने अपने इस काम को जारी रखा. मगर उनके लिए साल 2007 सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ.
2007 ने बदली संजय गुप्ता की किस्मत
साल 2007 में उन्होंने शूटआउट एट लोखंडवाला प्रोड्यूसर की. इस फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में और देश-विदेश में असली पहचान दिलाई. इसके बाद उनकी फिल्म जज्बा, काबिल, शूटआउट एट वडाला और मुंबई सागा को पसंद किया गया. लेकिन 2024 में आई द मिरंडा ब्रदर्स उनके करियर की आखिरी फिल्म साबित हुई. अपने 3 दशक लंबे करियर में उन्होंने एक डायरेक्टर और राइटर के तौर पर शानदार काम किया और खूब वाहवाही बंटोरी.
मुंबई अंडरवर्ल्ड-क्राइम पर थी मजबूत पकड़
फिल्म इंडस्ट्री में संजय गुप्ता एक अलग ट्रेंड लेकर आए. उन्होंने अनुराग कश्यप के समानांतर ही मुंबई और बाहर के क्राइम से जुड़ी इमोशनल स्टोरीज को अपने अंदाज में पेश किया जिसे अच्छी-खासी ऑडियंस भी मिली. मुंबई अंडरवर्ल्ड, अपराध और एक्शन की कहानियों पर उनकी मजबूत पकड़ थी. इसके अलावा उन्होंने इंटरनेशनल क्राइम से जुड़ी हॉलीवुड की पॉपुलर मूवीज का बॉलीवुड में रीमेक भी बनाया. इसमें ओल्डबॉय से लेकर रिजर्वायर डॉग्स जैसी फिल्मों का नाम शामिल था. बड़े पर्दे पर ऐसी कहानियों को खास अंदाज में पेश कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. उनका निधन फैंस के लिए निराश कर देने वाला है और उन्होंने कम उम्र में ही तब इस दुनिया को अलविदा कह दिया जब ओटीटी के समृद्धि प्लेटफॉर्म पर उनके पास ऐसी और भी कहानियां समाज के सामने लाने का स्कोप था.















