मुजफ्फरनगर। कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं पुख्ता बनाने के उद्देश्य से जिला जज के आदेशानुसार विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर जिला जज एवं एससी-एसटी कोर्ट के मार्गदर्शन और नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की गई। अभियान का संचालन प्रभारी निरीक्षक कचहरी सुरक्षा सर्वेश कुमार ने पुलिस बल और एंटी सबोटाज टीम के साथ संयुक्त रूप से किया। इस दौरान न्यायालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वारों, संवेदनशील स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों पर विशेष निगरानी रखी गई। सुरक्षा टीम ने न्यायालय परिसर में आने वाले वादकारियों के पहचान पत्रों की गहनता से जांच की। प्रत्येक वादकारी से आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र दिखाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान अधिवक्ताओं से भी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने और अपना अधिकृत पहचान पत्र साथ रखने की अपेक्षा की गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि न्यायालय परिसर में प्रवेश करते समय निर्धारित वेशभूषा के साथ अपना अधिकृत आईडी कार्ड अवश्य धारण करें। पुलिस एवं एंटी सबोटाज टीम ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में जांच कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।















