ऑपरेशन चक्रवात के तहत पुराने अपराधियों का सत्यापन, पुलिस ने दिलाई अपराध से दूर रहने की शपथ

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के नेतृत्व में नगर जोन में विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रवात चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर जोन के सभी थानों में पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को बुलाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही उनकी वर्तमान गतिविधियों और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाकर डोजियर तैयार किए जा रहे हैं, ताकि उनका व्यवस्थित डाटाबेस बनाकर निगरानी रखी जा सके और अपराध की पुनरावृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन थाना खालापार पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों से संवाद कर उन्हें भविष्य में किसी भी अपराध में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने सभी को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल होने से व्यक्ति का भविष्य प्रभावित होता है और उसके परिवार को भी सामाजिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए सभी को अपनी पिछली गलतियों से सीख लेकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक नगर ने विशेष रूप से नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने रोजगार, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक हितों पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि पुराने मुकदमों की पैरवी या किसी कानूनी प्रक्रिया के दौरान कोई नया अपराध न करें। किसी भी समस्या का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और कानून को अपने हाथ में न लें।

इस दौरान सभी व्यक्तियों को अपराध से दूर रहने, नशे का सेवन न करने, कानून का पालन करने और शांतिपूर्ण जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने उन्हें अपने आचरण में सुधार लाने तथा समाज में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts