संविधान संवाद कार्यशाला में प्रधानाचार्यों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी.

मुजफ्फरनगर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत राजकीय पुस्तकालय सभागार में संविधान संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कुलदीप कुमार एवं डॉ. शैलजा सिंह ने सहभागिता की।

मुख्य अतिथि डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने उपस्थित प्रधानाचार्यों को संविधान निर्माण की प्रक्रिया, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान संवाद अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को विद्यालय स्तर से ही संविधान के प्रति जागरूक बनाना तथा विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की समझ प्रदान करना है। डॉ. कुलदीप कुमार ने संविधान की प्रस्तावना, प्रधानाचार्यों के दायित्वों और विद्यार्थियों के प्रति उनकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए।

डॉ. शैलजा सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी कंप्यूटर, इंटरनेट और सोशल मीडिया से अधिक जुड़ी हुई है। गलत सूचनाओं के प्रभाव में आने से विद्यार्थी शिक्षा से भटक सकते हैं और विभिन्न समस्याओं का सामना कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया। पैरालीगल वॉलंटियर गौरव मलिक ने बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी और पॉक्सो अधिनियम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत प्रत्येक बच्चे को शिक्षा उपलब्ध कराना माता-पिता, शिक्षकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नोडल अधिकारी डॉ. रणवीर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए संविधान संवाद अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों को प्रत्येक विद्यालय में अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में सनातन धर्म इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों ने भी अपने विचार रखे। अंत में अतिथियों को पुस्तक भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts