मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से थाना नई मंडी में विशेष पहल की गई। इसके तहत तीन छात्राओं को एक दिन के लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और आमजन की समस्याएं सुनने का अनुभव प्राप्त किया।
श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज की बीपीईएस तृतीय वर्ष की छात्रा नंदिनी नामदेव पुत्री विशाल नामदेव को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। वहीं, द एसडी पब्लिक स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा आनिया तायल पुत्री रजत तायल निवासी भरतीया कॉलोनी को वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा एसडी पब्लिक स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा माही संगल पुत्री विपिन संगल को एक दिन के लिए उपनिरीक्षक (एसआई) बनाया गया।थाना नई मंडी में मिशन शक्ति प्रभारी सुमन कौर और एसएसआई सत्येंद्र कुमार ने तीनों छात्राओं का बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें संबंधित अधिकारियों की कुर्सियों पर बैठाकर पुलिस की जिम्मेदारियों से परिचित कराया गया। छात्राओं ने थाने में पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शिकायतों पर कार्रवाई करने के संबंध में जानकारी दी।
इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानून और पुलिस व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उन्हें यह समझाना है कि जिम्मेदारी निभाने के लिए आत्मविश्वास, सूझबूझ और निर्णय लेने की क्षमता कितनी महत्वपूर्ण है। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम से छात्राओं को नेतृत्व का व्यावहारिक अनुभव मिला और पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से जानने का अवसर प्राप्त हुआ।















