बाढ़ प्रभावित 5,863 किसानों को मिलेगा 3.79 करोड़ रुपये का मुआवजा.

मुजफ्फरनगर। जनपद में बाढ़ आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए फसल क्षति मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शासन के निर्देशों के तहत जिले के 5,863 पात्र किसानों को कुल 3 करोड़ 79 लाख 84 हजार 691 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से मुआवजा भेजने की प्रक्रिया अगले तीन दिनों में पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने मुआवजा वितरण की कार्ययोजना और भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी दी। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुआवजा वितरण में कोई भी पात्र किसान छूटने न पाए। इसके लिए सर्वेक्षण रिपोर्ट, उपलब्ध अभिलेखों और लाभार्थियों की सूची का सावधानीपूर्वक मिलान करने के साथ किसानों के नाम और बैंक खाते के विवरण का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र किसान का नाम सूची से छूट गया है या अभिलेखों में कोई विसंगति पाई जाती है, तो उसकी तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। भुगतान के दौरान आने वाली तकनीकी, बैंकिंग और अभिलेख संबंधी समस्याओं का भी समयबद्ध समाधान किया जाए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुआवजा वितरण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय-सीमा में सभी पात्र किसानों तक सहायता राशि पहुंचाना है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर भुगतान की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का जोर मुआवजा वितरण को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर है, ताकि आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक राहत मिल सके।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव, राहत सहायक नासिर हुसैन, कानूनगो अनिल गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts