बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के अपराधियों पर शिकंजा अभियान का असर दिखने लगा है। अतर्रा थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला की गैर-इरादतन हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 18 सितंबर 26 की है। थाना अतर्रा के ग्राम खम्हौरा में धान के खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला के साथ अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से मारपीट की और उसकी नाक की कील लूट ली। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई थी। मृतका की बहू सरोज की तहरीर पर थाना अतर्रा में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था।
एसपी पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। 22 सितंबर को थाना अतर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त रेलवे क्रॉसिंग के पास है। पुलिस ने घेराबंदी कर अभियुक्त ददुआ पुत्र शिवअवतार निवासी ग्राम अंश बल्लान, थाना अतर्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ददुआ ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि नाक की कील छीनने के लिए उसने बुजुर्ग के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई एक नाक की कील बरामद की है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।















