मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का करीब 110 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, दो वाहन, पांच तमंचे, पांच जिंदा और पांच खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अंसल टाउन, भोपा रोड निवासी स्टेट मैनेजर दीपेश कुमार ने नई मंडी थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने अंसल टाउन में लगे 250 केवी के ट्रांसफार्मर को काटकर उसका तार चोरी कर लिया। मामले में पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।11 सितंबर की रात नई मंडी पुलिस बागोवाली चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि करीब एक सप्ताह पूर्व ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह नेशनल हाईवे-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली प्लॉट में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद बदमाशों ने दोबारा गोली चलाई। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद वेगनआर और स्कॉर्पियो को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।























































