WCPL 2026 में हिस्सा लेंगी स्टार भारतीय क्रिकेटर.

वुमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग में स्टार भारतीय बल्लेबाज हरलीन देओल की एंट्री हो गई है. देओल मौजूदा समय में भारतीय T20I टीम से बाहर चल रही हैं और अब वह बचे हुए WCPL 2026 सीजन में अपना जलवा बिखेरते हुए नजर आएंगी. बता दें कि इस बड़े टूर्नामेंट में पहले ही पूजा वस्त्राकर समेत 4 भारतीय खिलाड़ी खेल रही हैं. अब हरलीन को भी मौका दिया गया है और वह अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी ठोक सकती हैं.

हरलीन देओल बनीं WCPL 2026 का हिस्सा

वुमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच हरलीन देओल बारबाडोस ट्राइडेंट्स का हिस्सा बन गई हैं. वह पांचवीं विदेशी खिलाड़ी के रूप में बारबाडोस टीम का हिस्सा बनी हैं और तुरंत खेलने के लिए उपलब्ध हैं. बारबाडोस ट्राइडेंट्स असल में राजस्थान रॉयल्स की WCPL 2026 टीम का हिस्सा हैं. बता दें कि इस टीम में पहले ही किरण नवगिरे और पूजा वस्त्राकर के रूप में दो भारतीय खिलाड़ी शामिल थीं और अब हरलीन भी स्क्वाड में जुड़ गई हैं.

पहली बार विदेशी लीग में खेलेंगी हरलीन देओल

हरलीन देओल ने 2019 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था. इतने सालों तक क्रिकेट खेलने के बावजूद वह कभी किसी विदेशी फ्रेंचाइजी लीग का हिस्सा नहीं बनी थीं. वह अपने करियर में पहली बार किसी विदेशी लीग का हिस्सा बन रही हैं. बारबाडोस ट्राइडेंट्स की WCPL 2026 में शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, अब हरलीन की एंट्री के बाद BT-W टीम मजबूत नजर आ रही है. बारबाडोस रॉयल्स का अगला मैच 13 सितंबर को जमैका एम्प्रेस से होगा. इस मैच के जरिए हरलीन वुमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में डेब्यू कर सकती हैं.

कैसा है हरलीन देओल का रिकॉर्ड?

हरलीन देओल का फ्रेंचाइजी क्रिकेट में प्रदर्शन अच्छा रहा है. वुमेंस प्रीमियर लीग में अब तक उन्होंने 28 मैच खेले हैं और 28.21 के औसत से बल्लेबाजी करते हुए 649 रन बनाए हैं. हरलीन के नाम इस टूर्नामेंट में कुल 3 अर्धशतक हैं और उनका स्ट्राइक रेट 115.68 रहा है. उन्हें वुमेंस एशिया कप के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह नहीं मिली. देओल ने दिसंबर 2025 में भारत के लिए अपना आखिरी T20I मैच खेला था. इसके बाद से वह टीम से बाहर चल रही हैं. अब हरलीन WCPL 2026 में अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय महिला T20I टीम में वापसी की दावेदारी ठोकना चाहेंगी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts