मुजफ्फरनगर। एस.डी. कन्या इंटर कॉलेज झांसी की रानी में स्पीक मैके के तत्वावधान में छात्राओं के लिए कुचिपुड़ी नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में दिल्ली की प्रसिद्ध कुचिपुड़ी नृत्यांगना, नृत्य निर्देशिका एवं शिक्षिका अयना मुखर्जी ने छात्राओं को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की बारीकियों से परिचित कराया। वह शास्त्रीय नृत्य की तकनीकी दक्षता, भावपूर्ण अभिनय और कथात्मक प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक हरकेश यादव के साथ विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. आदित्य सक्सेना एवं डॉ. वशिष्ठ भारद्वाज सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
कार्यशाला के दौरान अयना मुखर्जी ने छात्राओं को कुचिपुड़ी नृत्य की मुद्राओं, भाव-भंगिमाओं, अभिनय और प्रस्तुति शैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
स्पीक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी सहित मृदुला मित्तल, नीति मित्तल, भावना मित्तल एवं कार्यकारिणी टीम के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्या डॉ. सविता सिंह ने सभी अतिथियों, स्पीक मैके टीम, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने अयना मुखर्जी को उपहार देकर सम्मानित किया। अयना मुखर्जी ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।























































